अपनी शादी में इस एक्टर को देखना चाहती थी कृष्णा राज कपूर, 87 साल की उम्र में हुआ निधन
मुंबई. बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और निर्देशक राज कपूर (Raj Kapoor) की पत्नी कृष्णा कपूर (Krishna Kapoor) इस दुनिया में नहीं रहीं। 87 साल की उम्र में मुंबई में उनका निधन हो गया। कृष्णा काफी समय से बीमार थीं और अस्पताल में भर्ती थीं। उन्होंने सोमवार सुबह 5 बजे अपनी अंतिम सांस ली। राज कपूर और कृष्णा की लव स्टोरी काफी दिलचस्प है।
राज कपूर और कृष्णा की शादी 1946 में हुई थी। दोनों एक साल तक एक दूसरे से मिलते जुलते रहे थे। ये वो दौर था जब भारत आजादी पाने की तरफ जा रहा था। दोनों ने एक साल तक एक दूसरे को समझा और शादी करने का फैसला किया। लेकिन शादी के उस समारोह में एक ऐसी घटना हुई जिससे राज कपूर को बुरा लग गया था।
दरअसल, शादी समारोह में उस वक्त के मशहूर अभिनेता अशोक कुमार भी पहुंचे थे। कृष्णा अशोक कुमार की इतनी दीवानी थीं कि वह राज कपूर के साथ खड़ी होकर भी अशोक कुमार की एक झलक पाने को बेताब थीं। राज कपूर उन्हें समझाते लेकिन वो अशोक कुमार को देखने की रट लगाए थीं।
कृष्णा के दिल में अशोक कुमार के प्रति ये दीवानगी देखकर राज कुमार को बेहद बुरा लगा और उन्होंने तय किया कि वह खुद को एक बेहतरीन अभिनेता के तौर पर स्थापित करेंगे। बता दें कि राज कपूर ने 11 साल की उम्र में ही फिल्म इंकलाब में एक्टिंग की थी।
मां के निधन से दुखी रणधीर कपूर ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट के कारण आज मेरी मां का करीब 5 बजे निधन हो गया। बुढ़ापा एक कारक था। हम उनके निधन से बहुत दुखी हैं। बता दें कि उनके तीन बेटे ऋषि कपूर, रणधीर कपूर, राजीव कपूर और दो बेटियां रितु नंदा, रीमा कपूर हैं।