उर्मिला को लेकर एक शख्स ने लिखी आपत्तिजनक पोस्ट, FIR दर्ज
मुम्बई। हाल ही में राजनीति के मैदान में उतर कर पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ने वाली अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मिली जानकारी के अनुसार इस व्यक्ति का नाम धनंजय कुटरकर है और ये पुणे का रहने वाला है। इसकी उम्र 57 साल बताई गई है। पुलिस ने इस व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 ए 1 (4) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने अभी तक इस व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और प्रारंभिक जांच के पूरा होने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी। लोकसभा चुनावों से कुछ ही दिनों पहले उर्मिला मातोंडकर ने राजनीति में प्रवेश करते हुए कांग्रेस पार्टी का दामन थामा था। कांग्रेस ने उनको मुंबई में चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया था। इन चुनावों में उनको भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार गोपाल शेट्टी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।