उत्तर प्रदेश
राम जन्मभूमि को लेकर केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कुछ ऐसा….
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को यूपी के औरैया जिले में एनटीपीसी के गेस्ट हाउस में कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बन चुका है। जिसे देखना हो वह मेरे साथ चले। उन्होंने मीडिया कर्मियों पर कमेंट किया, आप लोग पूछेंगे कि भाजपा को चुनाव से पहले राम मंदिर याद आता है, तो साथ चलिए और देखिए कि राम मंदिर बन चुका है। केंद्रीय मंत्री उमा भारती शुक्रवार दोपहर कन्नौज जाते समय अचानक एनटीपीसी के गेस्ट हाउस पहुंच गई थीं।
केंद्रीय जल संसाधन नदी विकास और गंगा सफाई मंत्री उमा भारती कन्नौज जाते समय दिबियापुर के पास स्थित एनटीपीसी गेस्ट हाउस पहुंच गईं। यहां उन्होंने पौधरोपण किया। इस दौरान मीडिया को देखकर कहा कि आप यही पूछोगे कि चुनाव आते ही भाजपा को राम मंदिर याद आ जाता है। उनसे पूछा गया राम मंदिर चुनाव के पहले बनेगा या बाद में, इसके जवाब में कहा, राम मंदिर बन चुका है, देखना हो तो मेरे साथ चलो। वह कस्बा और जनपद के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं देकर रवाना हो गईं।
केंद्रीय मंत्री के एनटीपीसी पहुंचने की जानकारी पर जिलाधिकारी श्रीकांत मिश्रा, पुलिस कप्तान प्रो. त्रिवेणी सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुपम शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एनटीपीसी के गेस्ट हाउस पहुंच गए। बाद में केंद्रीय मंत्री ने एनटीपीसी की महिला महाप्रबंधक सरोज चेल्युरी के साथ अशोक का पौधा लगाया। इसके पूर्व महिला महाप्रबंधक, जिलाधिकारी व पुलिस कप्तान ने केन्द्रीय मंत्री को बुके भेंट कर स्वागत किया।
एनटीपीसी के गेस्ट हाउस में केंद्रीय मंत्री एक घंटे तक रुकी रहीं। पार्टी के नेताओं को इसकी हवा तक नहीं लग पाई। औरैया विधानसभा क्षेत्र चुनाव प्रभारी अवधेश शुक्ला व हरचंदपुर प्रधान पुत्र मिक्की दुबे ने गेस्ट हाउस पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक से मिलने कार्यालय गए थे। तब पता चला कि केंद्रीय मंत्री आई हैं। इससे वह गेस्ट हाउस पहुंच गए। लगभग एक घंटे रुकीं केंद्रीय मंत्री ने मासूम नैतिक चतुर्वेदी को गले लगाकर उसके आंसू पोंछे। वह उससे बातें करती रहीं। उन्होंने लोगों को पैर छूने से रोक दिया।