यूपी पंचायत चुनाव : कई जिलों में नहीं मिली वोटर लिस्ट, जानिए क्या-क्या रहे कारण
यूपी में राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में होने जा रहे त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बीते शुक्रवार को भले ही वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन कर दिया हो मगर कई जिलों में अभी यह वोटर लिस्ट आम जनता को यह उपलब्ध नहीं हो सकी है। बरेली में मतदाता सूची का प्रकाशन नहीं हो सका। मतदाता सूची में बढ़े और कम हुए वोटर की फीडिंग नहीं हो पाई। करीब 53000 नए वोटर मतदाता सूची में शामिल किए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक दो से तीन दिन के अंदर मतदाता सूची का प्रकाशन हो जाएगा। शाहजहांपुर में भी लिस्ट प्रकाशित नहीं हुई है।
कानपुर नगर के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी वी.के.श्रीवास्तव ने बताया कि वोटर लिस्ट प्रकाशित तो हो गयी है मगर सर्वधिक की दिक्कत के कारण यह जनता को उपलब्ध नहीं करवायी जा सकी है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि बुधवार तक यह जनता को उपलब्ध हो पाएगी। ललितपुर में भी पंचायतों की वोटर लिस्ट का प्रकाशन नहीं हो सका है। इसका कारण आपत्तियों का समय से निस्तारण नहीं होना बताया गया। अब पांच फरवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
कन्नौज में मतदाता सूची प्रकाशित नहीं हुई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार ने बताया कि अभी समायोजन का काम चल रहा है। आज देर शाम तक वोटर लिस्ट की हार्ड कापी जारी हो सकती है। उसमें मोबाइल नम्बर नहीं है। मकान नम्बर वोटर सूची में है। फतेहपुर में मतदाता सूची अभी प्रकाशित नहीं की गई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी के.के. तिवारी ने बताया कि मतदाता सूची के प्रकाशन में तीन या चार दिन लगने की उम्मीद है। जिले में 42,542 मतदाता बढ़े है। कुल मतदाताओं की संख्या 1852515 हैं। लेकिन अभी यह आंकड़े बदल सकते हैं।
इटावा में वोटर लिस्ट का प्रकाशन अभी नहीं हो सका है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी उदय नारायण सिंह का कहना है कि तकनीकी समस्या के कारण शनिवार को सूची का प्रकाशन नहीं हो पाया । चित्रकूट में भी वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन अभी नहीं हुआ है। अनंतिम प्रकाशन के दौरान कुल मतदाताओं की संख्या 6,33,603 रही है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीएल यादव ने बताया कि चारो तहसीलों से लगभग आधा सैकड़ा शिकायतें आई थी। जिनमें कई लोगों के नाम दो-दो जगह होना, मृतकों के नाम होना, शादी के बाद महिला का नाम न काटे जाने की आदि की शिकायतें शामिल हैं। इन शिकायतों का निस्तारण बीएलओ को भेजकर कराया गया है। शनिवार की शाम तक सुधार हो जाएगा। इसके बाद रात में मतदाता सूची का प्रिंट आउट निकलने की पूरी संभावना है।